कायाकल्प – 2.0 अभियान के तहत 1.71 करोड़ में सुधरेंगी शहर की सड़कें, बगडोना में 23.26 लाख से बनेगा संजीवनी क्लीनिक
नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और जनप्रतिनिधियों ने किया भूमिपूजन, कॉलेज रोड के निर्माण से शुरू होगा कायाकल्प 2.0 अभियान की शुरुआत।

सारनी। नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा कायाकल्प 2.0 अभियान के तहत 1.71 करोड़ की लागत्त से शहर की सड़कों का सुधार एवं निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके अलावा बगडोना में आनंद परिसर के समीप 23.26 लाख की लागत से संजीवनी क्लीनिक बनाया जाएगा। शुक्रवार 15 मार्च 2024 को उक्त दोनों कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
भूमिपूजन कार्यक्रम आनंद परिसर बगडोना में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, उपाध्यक्ष जगदीश पवार, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र पांसे, विधायक प्रतिनिधि रंजीत सिंह, पार्षद दशरथ सिंह जाट, भीमबहादुर थापा, मनोज डेहरिया, गणेश महस्की, आनंद पिंटिश नागले, योगेश बर्डे, प्रवीण सोनी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी. के. मेश्राम, शासकीय कॉलेज बगडोना की प्राचार्य डॉ. प्रमिला वाधवा, पीजे शर्मा, सुधा चंद्रा, विक्की सिंह, विनय मदने, दिलीप झोड़ समेत अन्य लोगों की उपस्थिति में कायाकल्प अभियान के तहत बनने वाली सड़कों एवं संजीवनी क्लीनिक का भूमिपूजन कार्य किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे ने कहा कि कायाकल्प अभियान के तहत सड़कों के निर्माण कार्य से लोगों का आवागमन सुगम होगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान की शुरूआत कॉलेज रोड से की जा रही है। इससे कॉलेज के विद्यार्थियों को आवगामन में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि बगडोना बड़ा रिहायशी क्षेत्र है, लेकिन यहां स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं थी। इसलिए परिषद ने यहां संजीवनी क्लीनिक प्रस्तावित किया। अब जल्द ही इसका कार्य शुरू हो जाएगा। अध्यक्ष ने बताया कि सारनी एवं पाथाखेड़ा के संजीवनी क्लीनिक पूर्व में बनाए गए थे, शासन ने इन क्लीनिकों के लिए स्टाफ का आवंटन भी कर दिया है। जल्द ही इनमें स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी। शोभापुर में पूर्व से क्लीनिक संचालित है। आभार प्रदर्शन पार्षद दशरथ सिंह जाट ने किया। इस अवसर पर नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी, कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित थे।
*वार्ड 5 में सांस्कृतिक मंच का भूमिपूजन*
नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे ने शुक्रवार को वार्ड 5 में सांस्कृतिक मंच का भूमिपूजन किया यहां करीब 2.7 लाख की लागत से मंच का निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर पार्षद ज्योति नागले समेत अन्य जनप्रतिनिधि, वार्ड वासी उपस्थित थे।