Sarni samachar: जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत वार्ड 1 के सरकारी कुएं की श्रमदान से की सफाई, आज निकलेगी कलश यात्रा, निबंधन स्पर्धा होगी
अभियान के तहत निकाय क्षेत्रों के जल स्त्रोतों की होगी सफाई, किया जाएगा अतिक्रमण मुक्त, जलावर्धन योजना के नलों से पानी अपव्यय पर रहेगी नजर।

सारनी। नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा शनिवार को जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं पुर्नजीवन के लिए शनिवार 8 जून को सुबह 7.30 बजे से वार्ड 1 श्री मठारदेव महाराज वार्ड स्थित सरकारी कुएं की सफाई श्रमदान के माध्यम से की गई। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ने सभी को जल संवर्धन से संबंधित शपथ दिलाई।
श्री मठारदेव महाराज वार्ड क्रमांक 1 में स्थित सरकारी कुएं पर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत श्रमदान से सफाई कार्यक्रम का आयोजन नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा रखा गया। शनिवार सुबह 7.30 बजे से नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, पार्षद छाया अतुलकर, भीम बहादुर थापा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी. के. मेश्राम की उपस्थिति में श्रमदान प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर सभी ने मिलकर कुआं परिसर की सफाई की। नगर पालिका के कर्मचारियों ने कुएं के भीतर उतरकर यहां उगी खरपतवार, झाड़ियां काटकर साफ की। इसके अलावा पानी में गिरे कचरे को भी हटाया। नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे ने कहा कि वार्ड 1 का यह कुआं काफी पुराना है। इससे वर्षों तक नगर के लोगों ने पानी पिया है। इसलिए इसका संवर्धन आवश्यक है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी. के. मेश्राम ने उक्त कुएं में लोहे की जाली लगाने और इसका रंग-रोगन करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नपाध्यक्ष ने सभी को जल संवर्धन की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी कमलेश पटे, उपयंत्री रविंद्र वराठे, ददन सिंह, जगदीश आहूजा, सतीश बौरासी, मुलेश रणित, वार्ड के आम नागरिक, नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित थे।
*आज निकलेगी कलश यात्रा, निबंध-चित्रकला स्पर्धा होगी*
अभियान के तहत रविवार 9 जून को प्रात 8.30 बजे से गायत्री मंदिर से कलश यात्रा निकाली जाएगी। वहीं अपरान्ह 4 बजे से शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारनी में जल संरचनाओं के संरक्षण एवं पुर्नजीवन विषय पर निबंध स्पर्धा का आयोजन भी किया गया है। उक्त स्पर्धा में सभी आयु वर्ग के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों को आगामी 16 जून को छठ पूजा घाट पर अभियान के समापन अवसर पर पुरस्कृत भी किया जाएगा।