पीआईसी की बैठक : वार्डों में सीसी रोड, आरसीसी नाली, और रिटेनिंग वाल बनेंगी, अनाधिकृत कॉलोनियों के विकास के लिए तैयार होगी डीपीआर
प्रेसिडेंट इन काउसिंल की बैठक में 79 प्रस्तावों पर चर्चा, मठारदेव बाबा मंदिर के मंगल भवन में प्रथम तल का होगा निर्माण, पर्यटन विकास निगम के व्यू पाइंट का होगा विकास।

सारनी। नगर पालिका परिषद सारनी में सोमवार 26 जून 2023 को प्रेसिडेंट इन काउंसिल की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न निर्माण कार्यों समेत अन्य 79 बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में दो प्रस्ताव को छोड़कर सभी पर पीआईसी ने अपनी सहमति जताई। अध्यक्ष किशोर बरदे ने कहा कि वार्डों में अब काफी संख्या में निर्माण कार्य होने हैं इसलिए नपा की तकनीकी टीम के अलावा पीआईसी सदस्य भी इन पर निगरानी रखें। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता महत्वपूर्ण है।
बैठक नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे के कक्ष में आयोजित की गई। इसमें पीआईसी सदस्य दशरथ सिंह जाट, भीम बहादुर थापा, भावना बंडू माकोड़े, गणेश महस्की, संगीता प्रवीण सूर्यवंशी, संगीता धुर्वे, रोशनी संदीप झपाटे एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी. के. मेश्राम उपस्थित थे। विभिन्न वार्डों में आरसीसी रिटेनिंग वाल, सीसी रोड, आरसीसी नाली, पेविंग ब्लाक फिक्सिंग, सांस्कृतिक मंच समेत अन्य निर्माण कार्यों की दरों को स्वीकृति दी गई। बैठक में वार्ड 9 स्थित मठारदेव मंदिर स्थित मंगल भवन में प्रथम तल निर्माण कार्य की दर को मंजूरी दी गई। इससे यहां श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा सभी पार्कों के संधारण कार्य, वार्ड 13 में पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित व्यू पाइंट जीर्णोद्धार कार्य के लिए डीपीआर तैयार करने को मंजूरी दी गई। इसी तरह निकाय क्षेत्र की अधिसूचित अनाधिकृत कॉलोनियों में विकास कार्य के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार किए जाने की भी मंजूरी दी गई। इससे इन कॉलोनियों का विकास भी अब संभव हो सकेगा। पीआईसी में पहली बार पार्षदों की सहमति पर सभी 36 वार्डो से 1-1 निर्माण कार्य रखे गए। इन्हें भी मंजूर किया गया।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर रखे नजर, नालों की सफाई तेज करने के निर्देश
पीआईसी बैठक में शहर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को लेकर भी सदस्यों ने चिंता जाहिर की। हालांकि मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी. के. मेश्राम ने बताया कि नालों की सफाई का काम तेजी से किया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर कार्य किया जा रहा है। नपाध्यक्ष किशोर बरदे ने कहा कि मानसून और तेज बारिश को लेकर अलर्ट को देखते हुए पूरी निगरानी जरूरी है। पीआईसी में नालों की सफाई के लिए किराए पर पोकलेन मशीन लिए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। इससे काम तेजी से होगा।