जनप्रतिनिधियों ने किया टॉयलेटों का निरीक्षण, स्वच्छता पर जताया संतोष
सारनी। नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में सारनी को नंबर वन बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुसार बुधवार 21 जून 2023 को जनप्रतिनिधियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित शौचालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी क्षेत्रों में टॉयलेटों की सफाई पर संतोष जताया।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में प्राप्त निर्देशों के अनुसार नगर पालिका परिषद सारनी क्षेत्र के सारनी पाथाखेड़ा, शोभापुर जोनों में स्थित सामुदायिक एवं पब्लिक टॉयलेटों का निरीक्षण जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। नगर पालिका उपाध्यक्ष जगदीश पवार, स्वच्छता शाखा सभापति गणेश महस्की, स्वच्छ सर्वेक्षण के नोडल अधिकारी केके भावसार की मौजूदगी में तीनों जोनों के शौचालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां की साफ-सफाई व्यवस्था पर संतोष जाहिर किया। आस-पास मौजूद लोगों से शहर को साफ एवं सुंदर बनाए रखने का आग्रह भी किया। इस अवसर पर सभी स्थानों पर नपा की सहयोगी संस्था ओम साईं विजन के स्वयं सेवकों ने आम लोगों को स्वच्छता रखने एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ दिलाई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी.के. मेश्राम के नेतृत्व में स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में नगर पालिका परिषद की पूरी टीम नगर को नंबर वन बनाने में जुटी हुई है। अभियान के तहत रोजाना विभिन्न कार्यवाही, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।