शहर में तीन संजीवनी क्लीनिक से मिलेगा लोगों को उपचार
नपाध्यक्ष-उपाध्यक्ष ने संजीवनी क्लीनिक के स्थल का किया सर्वे, सारनी- पाथाखेड़ा में नए भवन का प्रस्ताव
संजीवनी क्लीनिक में आम लोगों को मिलेगा प्राथमिक उपचार और आपातकालीन सुविधाएं शोभापुर डिस्पेसरी और पाथाखेड़ा में संचालित है क्लीनिक, सारनी में स्थल के लिए पॉवर जनरेटिंग कंपनी से मांगी एनओसी।

सारनी। लोगों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाएं देने के उद्देश्य से प्रदेश शासन ने संजीवनी क्लीनिक खोले हैं। नगर पालिका सारनी क्षेत्र में भी तीन संजीवनी क्लीनिक खोले गए हैं। इनमें से वर्तमान में शोभापुर व पाथाखेड़ा में ये क्लीनिक संचालित हो रहे हैं। सारनी में नए स्थल पर क्लीनिक का निर्माण किया जाएगा। इसे लेकर शुक्रवार 25 नवंबर 2022 को नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, उपाध्यक्ष जगदीश पवार व अधिकारियों की टीम ने स्थल का सर्वे किया। सारनी व पाथाखेड़ा में नए संजीवनी क्लीनिक भवन बनाए जाएंगे जबकि शोभापुर डिस्पेंसरी का नवीनीकरण किया जाएगा।
नगर पालिका परिषद सारनी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए यहां तीन संजीवनी क्लीनिक प्रस्तावित किए गए थे। नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, उपाध्यक्ष जगदीश पवार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से पाथाखेड़ा के वार्ड 14 में गायत्री मंदिर के पास, शोभापुर के वार्ड 32 में शोभापुर डिस्पेंसरी में क्लीनिक शुरू कर दिए गए हैं। सारनी के वार्ड 11 में टप्पा तहसील थाना रोड पर पुराने प्राथमिक शाला भवन के स्थल का सर्वे किया गया। सारनी की उक्त भूमि मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी यानी सतपुडा थर्मल पावर प्लांट प्रबंधन के अधीन है। इसलिए उक्त भूमि प्रदान करने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष श्री बरदे, उपाध्यक्ष श्री पवार एवं अधिकारियों की टीम ने सतपुड़ा प्लांट के चीफ इंजीनियर वीके कैथवार से मुलाकात की। चीफ इंजीनियर ने संजीवनी क्लीनिक के लिए जगह मुहैया कराने की मांग पर सकारात्मक जवाब दिया। नगर पालिका अध्यक्ष श्री बरदे ने कहा कि शहर के तीनों क्षेत्रों में संजीवनी क्लीनिक शुरू होने से यहां रहने वाले आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया हो सकेगी। उन्होंने कहा नगर पालिका का प्रयास है कि जल्द से जल्द ये क्लीनिक सुचारू रूप से शुरू हो जाएं। नगर पालिका के उपयंत्री नितिन मीना ने बताया कि क्लीनिकों के कार्य को लेकर प्रारंभिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशानुसार कार्य किया जा रहा है। सर्वे के दौरान समय पाल सुनील यादव, सुनील सहारे, कमल बिहारे समेत अन्य कर्मचारी मौजूद थे।