ओवरब्रिज विस्तार सहित शहीद बिरसा इवने की मूर्ति लगाने की मांग
भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने जीएम को सौंपा ज्ञापन
घोड़ाडोंगरी । शुक्रवार को निरीक्षण के लिए घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन पहुंचे मध्य रेल महाप्रबंधक अनिल लाहोटी से मुलाकात कर भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन पर विभिन्न सुविधाओं के विस्तार हेतु चर्चा कर कई मांगों के अलग-अलग ज्ञापन सौंपें । भाजपा नेता विशाल बत्रा ने घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर पर प्लेटफार्म नंबर 1 से बाहर की ओर फुटओवर ब्रिज के विस्तार की मांग की। भाजपा नेता दीपक उईके ने रेलवे की सीमा में स्थित जंगल सत्याग्रह के नायक शहीद बिरसा इवने के शहीदी स्थल पर उनकी प्रतिमा स्थापना की मांग की। जिला पंचायत प्रत्याशी नरेंद्र उइके और जनपद सदस्य प्रदीप विश्वास ने एक ज्ञापन सौंपकर घोड़ाडोंगरी से कोलकाता के लिए सीधी ट्रेन शुरू करने की मांग की। विहिप नेता प्रीतिवर्धन चतुर्वेदी ने घोड़ाडोंगरी की नागदेव कॉलोनी में रेलवे गेट से लेकर बासन्या तक सड़क निर्माण की मांग की। उक्त प्रतिनिधि मंडल में शामिल नेताओं ने जीएम लाहोटी का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि घोड़ाडोंगरी कस्बा रेलवे पटरी के पूर्वी एवं पश्चिमी छोर पर बराबर बसा हुआ है लेकिन रेलवे ट्रैक पार करने के लिए कोई फुट ओवरब्रिज ब्रिज नहीं है। रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर तो ओवर ब्रिज बाहर तक जाता है लेकिन पश्चिमी छोर पर फुट ओवरब्रिज प्लेटफार्म नंबर एक पर उतर कर समाप्त हो जाता है। इस वजह से स्थानीय नागरिकों एवं विद्यार्थियों को एक छोर से दूसरे छोर पर आने जाने में भीषण परेशानी का सामना करना पड़ता है। जीएम श्री लाहोटी ने इस प्रतिनिधि मंडल से चर्चा करते हुए उनकी सभी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के वरिष्ठ नेता विशाल बत्रा, अजजा मोर्चा प्रदेश मंत्री दीपक उईके, रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य ज्ञानराव बर्डे, अजजा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र उइके, विहिप नेता प्रीतिवर्धन चतुर्वेदी, आभाष मिश्रा,पार्षद सुरेंद्र सोनू चौहान, राकेश नानकर, विकास सोनी, आशीष वागद्रे, पंकज नागवंशी सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल थे।