भाजपा जिला महामंत्री ने पूछा-कांग्रेस बताये क्या क्या किया विकास।

RAKESH SONI

भाजपा जिला महामंत्री ने पूछा-कांग्रेस बताये क्या क्या किया विकास।

सारणी:- भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री कमलेश सिंह ने कहा है कि सारनी क्षेत्र में जो भी विकास हुआ है वह सब भारतीय जनता पार्टी की देन है। कांग्रेस की यदि कोई उपलब्धि है तो उन्हें तथ्य सहित बताना चाहिए। प्रेस को जारी बयान में श्री सिंह ने कहा कि सतपुडा थर्मल पावर की जिन इकाइयों का झूठा श्रेय कांग्रेस ले रही है वह सब गैर कांग्रेसी सरकारों के समय स्थापित हुई हैं। सतपुडा ताप विद्युत गृह की 11 में से 9 यूनिट भाजपा नीत सरकारों में स्थापित हुई है। इकाई क्रमांक 1 से 5 1967 में संविद सरकार में , 6 एवं 7 नम्बर यूनिट वीरेंद्र सकलेचा एवं सुंदर लाल पटवा की सरकार में स्थापित हुई है। सिर्फ दो यूनिट 8 एवं 9 नम्बर कांग्रेसी मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के कार्यकाल में लगी है। वर्तमान में संचालित 10 एवं 11 नम्बर की यूनिट जो उत्पादन में कीर्तिमान रच रही है उसकी स्थापना शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई है।

भाजपा जिला महामंत्री ने कहा है कि 70 साल तक राज करने वाले 17 साल सरकार चलाने वाले से सवाल पूछ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में तवा खदान प्रारंभ हुई थी जो अभी तक चल रही है जबकि यूपीए के 10 साल के कार्यकाल में 4 कोयला खदान बंद हो गई और खुली एक भी नही। भाजपा नेता ने आगे कहा कि कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि गांधीग्राम खदान के लिए जमीन अधिग्रहण में अड़ंगा किस पार्टी के विधायक ने और क्यों लगाया था तथा एसडीएम के पास किसने आपत्ति दर्ज कराई थी। भाजपा द्वारा स्वीकृत कराई गई तवा थ्री माइन के लिए सड़क निर्माण में रुकावट कौन डाल रहा है यह भी जनता के सामने आना चाहिए। भाजपा जिला महामंत्री ने कहा कि कांग्रेस को यह भी बताना चाहिए कि पाथाखेड़ा के लिए स्वीकृत वर्कशॉप छिंदवाड़ा कौन ले गया वहीं सम्बल योजना के 7 हजार हितग्राहियों के नाम किसके इशारे पर काटे गए।

भाजपा के विकास कार्यो को गिनाते हुए श्री सिंह ने कहा कि आज 10 करोड़ की लागत से सूखाढाना में औद्योगिक क्षेत्र विकसित हो रहा है। तवा थ्री माइन के टेंडर हो चुके हैं। 100 करोड़ की जल आवर्धन योजना अंतिम चरण में है जिसका टेस्टिंग का कार्य चल रहा है। बगडोना में फोर लेन एवं शोभापुर एवं पाथाखेड़ा के सभी वार्डो में 10 करोड़ की अधिक के लागत से विद्युतीकरण का कार्य भाजपा के सांसद दुर्गादास उइके और विधायक डॉ योगेश पण्डागरे द्वारा स्वीकृत कराया गया है। सोलर प्लांट के लिए सर्वे चल रहा है एवं 660 मेगावाट की नई यूनिट के लिए भी प्रक्रिया चल रही है।क्षेत्र में जो भी विकास हुआ है वह भाजपा ने किया है और आगे भी करेगी । भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस को झूठ की राजनीति बंद कर विकास कार्यो में सहयोग करना चाहिए।

Advertisements
Advertisements
Advertisements
Advertisements
Advertisements
Advertisements
Share This Article
error: Content is protected !!