Sarni samachar: समाजसेवी कृष्णा साहू ने वृद्ध आश्रमों में बुजुर्गों के साथ मनाया जन्मदिवस

RAKESH SONI

समाजसेवी कृष्णा साहू ने वृद्ध आश्रमों में बुजुर्गों के साथ मनाया जन्मदिवस

सारनी। समाजसेवी, भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्णा साहू ने इस वर्ष अपना जन्मदिन सादगी और सेवा भाव के साथ बुजुर्गों के बीच मनाकर समाज को प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने अपने जन्मदिवस को केवल व्यक्तिगत उत्सव न बनाते हुए उसे सेवा दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया और वृद्ध आश्रमों में पहुंचकर बुजुर्गों के साथ समय बिताया।


कृष्णा साहू ने सबसे पहले सारनी स्थित वृद्ध आश्रम पहुंचकर वहां रहने वाले बुजुर्गों को ठंड को देखते हुए गर्म कंबल वितरित किए। इसके साथ ही सभी वृद्धजनों को भोजन एवं फल-फ्रूट प्रदान कर जन्मदिन की शुरुआत की। बुजुर्गों के साथ आत्मीय संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और हालचाल की जानकारी भी ली गई।


इसके बाद कृष्णा साहू बैतूल स्थित दीनदयाल रसोई पहुंचे, जहां उन्होंने गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक मदद पहुंचाना ही किसी भी उत्सव की सार्थकता है।

जन्मदिन कार्यक्रम का समापन आठवां मिल स्थित मातोश्री वृद्धा आश्रम में हुआ, जहां कृष्णा साहू ने बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके साथ केक काटा। बुजुर्गों के साथ नाच-गाकर, भोजन कराकर उन्होंने पूरे उत्साह और स्नेह के साथ जन्मदिन मनाया, जिससे आश्रम का माहौल उल्लासपूर्ण बन गया।
– वृद्ध आश्रमों की संख्या बढ़ना आत्ममंथन का विषय
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के जिला अध्यक्ष सतीश बौरासी ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज समाज में वृद्ध आश्रमों की संख्या बढ़ना हम सभी के लिए आत्ममंथन का विषय है। जब परिवार अपने बुजुर्गों को समय, सम्मान और अपनापन नहीं दे पाते, तब उन्हें मजबूरी में आश्रम का सहारा लेना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हमारी जड़ हैं, उनके अनुभव और आशीर्वाद के बिना समाज मजबूत नहीं हो सकता। यदि हर परिवार यह संकल्प ले कि अपने माता-पिता और बुजुर्गों को बोझ नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारी और गौरव माने, तो वृद्ध आश्रमों की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।
कृष्णा साहू ने कहा कि आज के समय में समाज में जिस तरह बुजुर्गों की उपेक्षा हो रही है, वह चिंताजनक है। इसी सोच के साथ उन्होंने बुजुर्गों के बीच जन्मदिन मनाने का निर्णय लिया। वहीं बुजुर्गों ने भी भावुक होकर कहा कि जब कोई अपने खुशी के पल उनके साथ साझा करता है तो उनके चेहरे पर अलग ही खुशी दिखाई देती है और समाज के अच्छे लोगों की वजह से ही उनका जीवन सम्मान के साथ चल पा रहा है।
– कार्यक्रम में ये रहे मौजूद जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता पी.जे. शर्मा, विधायक प्रतिनिधि, जिला प्रभारी संजय अग्रवाल, अरविन्द सोनी, शैलेश चौधरी, एडवोकेट जय शिंदे, अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के जिला अध्यक्ष सतीश बौरासी, जिला महामंत्री सुरेंद्र धोते, जिला कोषाध्यक्ष रविंद्र धोटे, जिला संगठन मंत्री राजहंस झरबडे, जिला मंत्री राकेश सोनी, अशोक छिपने, जिला महासचिव ओंकार सिंह, जिला उपमंत्री अनिल पाटेकर, उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल, वीरेंद्र सोनारे, जिला संगठन मंत्री यमल शर्मा, जिला संयुक्त सचिव पवन चौरसिया, तहसील महामंत्री राकेश डेहरिया, योगेश गोस्वामी, राहुल मोहकर, संजय यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Advertisements
Advertisements
Advertisements
Advertisements
Advertisements
Advertisements
Share This Article
error: Content is protected !!