Sarni samachar: नपा में आम लोगों के साथ मिलकर पाथाखेडा के ट्रांसपोर्ट नगर के नाले की श्रमदान से की सफाई, आज शोभापुर भुजरिया घाट पर होगा श्रमदान
16 जून तक सतत चलेगा अभियान, आम लोगों के सहयोग से किया जा रहा जल स्त्रोतों का पुनर्जीवन।

सारनी। नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए मंगलवार जून को सुबह 8 बजे से वार्ड 01 पाथाखेड़ा स्थित लोकल ट्रांसपोर्ट नगर (टैक्सी नाले) नाले के घाट की श्रमदान के माध्यम से सफाई की गई। इसमें वार्ड के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारियों द्वारा श्रमदान किया गया।
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पाथाखेड़ा के वार्ड 01 के क्षेत्र में आने वाले पाथाखेड़ा तिगड्ढा लोकल ट्रांसपोर्ट नगर स्थित टैक्सी नाले पर बने घाट की श्रमदान के माध्यम से सफाई का अभियान रखा गया। सुबह 8 बजे नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों ने मिलकर यहां नाले के किनारे लगी घास को हटाया, नाले के भीतर काफी मात्रा में पूजन सामग्री मिली। इसे गाड़ी के माध्यम से खाद बनाने हेतु ट्रेचिंग ग्राउंड भेजा गया। नगर पालिका के कर्मचारियों ने आम लोगों के साथ नाले में उतरकर इसकी सफाई की। इस मौके पर वार्ड 16 के पार्षद योगेश बर्डे, स्वच्छता निरीक्षक केके भावसार, उपयंत्री रविंद्र वराठे, कमलेश पटेल, केएल सोनारे समेत अन्य लोग उपस्थित थे। इस दौरान नाले के भीतर जमी गंदगी को निकाला गया। इससे नाले का पानी साफ हो गया। चूंकि यहां साल भर पानी बहता है इसलिए उक्त नाले के पानी का उपयोग पाथाखेड़ा में पटरी किनारे के लोग निस्तारी के लिए करते हैं। नाले के दोनों छोरों को साफ किया गया। इसके बाद जेसीबी की मदद से इसके घाटों को समतल किया गया। इससे बारिश में पानी आसानी से निकल पाएगा। श्रमदान के पश्चात लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी. के. मेश्राम ने बताया कि जल गंगा संरक्षण अभियान के तहत बुधवार 12 जून को सुबह 8 बजे से शोभापुर कॉलोनी वार्ड 32 स्थित भुजरिया घाट पर श्रमदान के माध्यम से सफाई की जाएगी। अभियान का समापन 16 जून को छठ पूजा घाट पर श्रमदान, पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के साथ होगा। नगर पालिका ने शहर के आम नागरिकों, स्वयं सेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आग्रह किया है।