Sarni samachar: नगर पालिका ने वार्ड 10 में 5 और वार्ड 13 में पकड़े 6 हिंसक बंदर, अब तक 45 से ज्यादा बंदर पकड़ जंगल में छोड़ा
रिहायशी क्षेत्रों में वन विभाग की मदद से पकड़े जा रहे बंदर, संवेदनशील वार्डों में बंदरों की सतत निगरानी करने के निर्देश।

सारनी। नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा रिहायशी क्षेत्रों से बंदरों के पकड़ने का अभियान लगातार जारी है। नगर पालिका द्वारा शनिवार 13 अप्रैल 2024 को वार्ड 10 में 5 और वार्ड 13 में 6 हिंसक बंदर पकड़े। इन्हें वाहन की सहायता से जंगलों में छोड़ा गया। नपा और वन विभाग की टीम आपसी समन्वय के साथ उक्त अभियान को चला रही है।
शहर के रिहायशी क्षेत्रों में बंदरों के आतंक और उनके हिंसक हमलों से कई लोग घायल हो चुके हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने बंदरों को पकड़ने का अभियान चलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर बैतूल के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इसमें वन विभाग सहयोग कर रहा है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी.के. मेश्राम ने बताया कि हिंसक बंदरों से लोगों को बचाने के लिए उन्हें पकड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत कर्मचारियों को सतत निगरानी रखकर बंदरों को लेकर संवेदनशील वार्डों में उनकी धरपकड़ करने के निर्देश दिए हैं। कर्मचारियों की टीम ने वन विभाग के साथ मिलकर वार्ड 10 फारेस्ट ऑफिस के पास से 5 एवं वार्ड 13 एबी टाइप शॉपिंग सेंटर एवं अन्य क्षेत्र में कार्यवाही करते हुए 6 बंदरों को पकड़ा। इन्हें जंगल छोड़ा गया। सेनेटरी इंस्पेक्टर केके भावसार ने बताया कि बंदरों के पकड़ने का अभियान सतत जारी है। संवेदनशील वार्डों में स्वच्छता मित्रों को इसकी सूचना देने के निर्देश दिए हैं। अभियान आम लोगों का सहयोग मिल रहा है। इससे पूर्व नगर पालिका द्वारा 1 अप्रैल से अभियान शुरू किया गया था। इसमें नगर पालिका ने 10 अप्रैल तक 33 से ज्यादा बंदर पकड़े थे।