गायत्री प्रज्ञापीठ सारनी के वार्षिकोत्सव में 14 को आयोजित होगा अखण्ड ज्योति पाठक सम्मेलन
सारनी। स्थानीय गायत्री परिवार के वार्षिकोत्सव में 51 कुण्डीय महायज्ञ के साथ-साथ अन्य विविध कार्यक्रम भी होंगे। जिसमें 14 दिसंबर को प्रातः 11 बजे से अखण्ड ज्योति पाठक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए गायत्री प्रज्ञापीठ सारनी के मुख्य प्रबंधक श्री गुलाबराव पान्से ने बताया कि गायत्री परिवार के रचनात्मक अभियान अन्तर्गत मासिक पत्रिका अखण्ड ज्योति, युग निर्माण योजना तथा प्रज्ञा अभियान पाक्षिक समाचार पत्र प्रकाशित किया जाता है। इन पत्र पत्रिकाओं में जीवन निर्माण के सूत्र व्यक्ति निर्माण परिवार, समाज निर्माण एवं राष्ट्र के जागरण संबंधी लेख, आलेख व क्रांतिगीत, प्रज्ञागीत, रचनात्मक समाचार आदि प्रकाशित होते हैं। इनमें किसी भी प्रकार का कोई व्यावसायिक विज्ञापन नहीं दिया जाता है। इनमें प्रकाशित की जाने वाली पाठन सामग्री ने अनगिनत लोगों का जीवन बदला है तथा आगामी समय में मानव में देवत्व के उदय और धरती पर स्वर्ग के अवतरण के लिए सभी उपायों का मार्गदर्शन दिया जाता है। अतः नागरिकों को इसके महत्त्व से परिचित कराने व लाभान्वित कराने के उद्देश्य से यह महत्त्वपूर्ण आयोजन रखा गया है। इस आयोजन में इन सदस्यों से पत्रिका के अध्ययन से उनके जीवन में होने वाले बदलाव को सम्मेलन में प्रस्तुत करने के लिए आग्रह किया जाएगा जिससे सभी भाई बहिनों को स्वाध्याय एवं सत्संग के माध्यम से जीवन को सफल बनाने तथा भक्ति में पूर्णता के सूत्र जानने को मिलेंगे।