नगर पालिका सारनी के वार्ड 21 के उपचुनाव की अधिसूचना जारी, नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू हुई

सारनी। नगर पालिका परिषद सारनी के वार्ड 21 में पार्षद पद को लेकर होने वाले उपचुनाव को लेकर शुक्रवार 11 फरवरी 2022 को निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन सुबह 10.30 बजे कर दिया गया। रिटर्निंग ऑफिसर श्री अनिल सोनी की मौजूदगी में नगर पालिका कार्यालय सारनी में तैयार रिटर्निंग ऑफिसर कक्ष के समक्ष सूचना चस्पा की गई। इसी के साथ वार्ड 21 में होने वाले चुनाव के लिए नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने का कार्य भी शुरू कर दिया गया।
रिटर्निंग ऑफिसर श्री अनिल सोनी ने बताया कि निर्वाचन सूचना के साथ सीटों के आरक्षण की सूचना, मतदान केंद्रों की सूची का प्रकाशन भी किया गया। दोपहर 1.30 बजे से रिटर्निंग ऑफिसर कक्ष में उपचुनाव को लेकर स्टेडिंग कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीकृत एवं पंजीकृत पार्टियों के पदाधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया एवं आदर्श आचार संहिता की जानकारी दी गई। रिटर्निंग ऑफिसर श्री सोनी ने बताया कि चुनाव की सूचना प्रकाशन के साथ ही वार्ड 21 में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। यह चुनाव परिणाम आने तक लागू रहेगी। बैठक में कांग्रेस पार्टी के ब्लाक अध्यक्ष श्री भगवान जावरे, भारतीय जनता पार्टी के मंडल महामंत्री श्री किशोर बरदे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री विनोद जगताप, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री अजय सोनी मौजूद थे। रिटर्निंग ऑफिसर श्री अनिल सोनी ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम के तहत नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 18/02/2022 सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक रखी गई है। इसी तरह नाम निर्देशन पत्रों की सविक्षा (जांच) 19/02/2022 को 10.30 बजे से होगी। अभ्यर्थियों के नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 21/02/2022 को अपरान्ह 3 बजे तक रहेगी। निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार करना व निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन 21/02/2022 को अभ्यर्थियों के नाम वापसी के ठीक बाद शुरू होगा। मतदान (यदि आवश्यक हों) 06/03/2022 को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा। मतगणना एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा 09/03/2022 को सुबह 9 बजे से की जाएगी । शुक्रवार 11/02/2022 को दोपहर में मतदान के लिए प्रस्तावित मतदान दलों व रिजर्व पार्टी का गठन भी किया गया।