मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बालाघाट में पीएम स्वनिधि योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हितग्राहियों को ऋण वितरण किया

RAKESH SONI

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बालाघाट में पीएम स्वनिधि योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हितग्राहियों को ऋण वितरण किया

जिला मुख्यालय पर सांसद श्री डीडी उइके ने वितरित किए स्वीकृति पत्र

योजनांतर्गत जिले में अब तक 4360 हितग्राही लाभान्वित

चार करोड़ 36 लाख रूपए राशि का ऋण वितरित

 

बैतुल:-  मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कन्या पूजन के उपरांत दीप प्रज्जवलन कर बालाघाट जिले से पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को ऋण वितरण एवं ‘स्वनिधि संवाद’ का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रदेश में कुल 50 हजार हितग्राहियों को सिंगल क्लिक के माध्यम से 50 करोड़ रुपए राशि का ब्याज मुक्त ऋण का वितरण किया गया।

इस दौरान हितग्राहियों से संवाद में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है समाज के हर वर्ग का कल्याण। जितने भी हमारे छोटे-छोटे व्यवसायी हैं कोरोना काल में जिनका काम धंधा ठप्प हो गया था। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ऐसे लोगों के लिए योजना बनाई, पीएम स्वनिधि योजना। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश देश में नंबर वन है। हम लगभग साढ़े तीन लाख लोगों को ये ऋण दिला चुके हैं। जो रह गए हैं वे चिंता ना करें, आगे भी सहयोग किया जाएगा।

जिला मुख्यालय पर नगर पालिका परिषद् द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद श्री डीडी उइके द्वारा नगर पालिका परिषद् बैतूल के 11 हितग्राहियों को ऋण राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस एवं सीएमओ नगरपालिका श्री अक्षत बुंदेला उपस्थित थे।

कार्यक्रम में सांसद श्री उइके द्वारा प्रदेश में संचालित की जा रही हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि ऐसे हितग्राही जिनके द्वारा 10 हजार रूपए प्राप्त किए जाकर बैंकों में ऋण राशि जमा की जा चुकी है, उनको 20 हजार रूपए का ऋण दिया जाएगा। जिनके द्वारा 20 हजार रूपए राशि ऋण के रूप में प्राप्त की गई थी, उनको ऋण राशि बैंक में जमा किए जाने पर 50 हजार रूपए का ऋण दिए जाने का प्रावधान है।

सीएमओ नगरपालिका श्री अक्षत बुंदेला से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत अभी तक जिले के समस्त नगरीय निकाय क्षेत्रों में 4360 हितग्राहियों को चार करोड़ 36 लाख रूपए की ऋण राशि का वितरण किया गया है।

कार्यक्रम में नागरिक बैंक अध्यक्ष श्री अतीत पंवार, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पूर्व पार्षदगण एवं नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारीगण मौजूद थे। जिले के अन्य नगरीय निकायों में भी पात्र हितग्राहियों को ऋण राशि के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए एवं बालाघाट में आयोजित मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के वर्चुअल कार्यक्रम का अवलोकन किया गया।

Advertisements
Advertisements
Advertisements
Advertisements
Advertisements
Advertisements
Share This Article
error: Content is protected !!