प्रधानमंत्री उज्जवला योजना में निर्धन परिवारों को मिलेगा लाभ

RAKESH SONI

प्रधानमंत्री उज्जवला योजना में निर्धन परिवारों को मिलेगा लाभ
————————————-
हितग्राहियों को डिपॉजिट फ्री गैस कनेक्शन मिलेंगे
————————————
प्रथम रिफिल एवं गैस चूल्हा भी मुफ्त

 

बैतूल। प्रधानमंत्री उज्जवला 2.0 योजना में जिले के निर्धन परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन प्रदाय किये जायेंगे। कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस ने बताया कि योजना के अंतर्गत नवीन गैस कनेक्शन जारी किये जाने पर समस्त पात्र हितग्राहियों को डिपॉजिट फ्री गैस कनेक्शन मिलेंगे। इसके साथ ही प्रथम रिफिल एवं गैस चूल्हा (हॉट-प्लेट) भी निशुल्क दिया जायेगा।

गरीब गृहस्थी से संबंधित महिला होंगी हितग्राही
———————————–
कलेक्टर श्री बैंस ने बताया कि उज्जवला योजना के अंतर्गत ऐसी वयस्क महिला गैस कनेक्शन प्राप्त करने के लिये पात्र होंगी, जो गरीब गृहस्थी से संबंध रखती हैं एवं जिनकी गृहस्थी में किसी भी प्रकार का गैस कनेक्शन पहले से उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा ऐसे हितग्राही, जो एसईसीसी 2011 की सूची के अनुसार पात्र हों एवं अनुसूचित जाति/जनजाति गृहस्थी, प्रधानमंत्री आवास योजना, अंत्योदय अन्न योजना, वनवासी, अति पिछड़ा वर्ग, चाय और पूर्व चाय बागान जनजातियाँ, द्वीप एवं नदी द्वीप में निवासरत श्रेणी की महिलाएँ कनेक्शन का लाभ ले सकेंगी।

हितग्राही 7 दिन में पूरे करें अपने अधूरे प्रपत्र
——————————————-
ऐसे चिन्हित परिवार, जिनके पास आधार नम्बर उपलब्ध नहीं है, मुखिया के साथ अन्य वयस्क सदस्यों को प्राथमिकता पर ‘आधार’ पंजीयन कराना होगा। कलेक्टर ने बताया कि जिले में पंजीयन कार्य को विशेष अभियान चलाकर पूरा किया जायेगा। जिन हितग्राहियों का बैंक खाता नहीं है, वे सात दिन के अंदर बैंक खाता खुलवायेंगे। जन-धन बैंक खाते का उपयोग गैस कनेक्शन के लिये मान्य रहेगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि गैस कनेक्शन प्राप्त करने के लिये शिविर लगाकर केवाईसी प्रपत्रों की जाँच की जाए। उन्होंने कहा है कि गैस एजेंसी द्वारा आवेदन प्राप्त होने के 7 दिन के अंदर गैस कनेक्शन स्वीकृत किया जाए, जिसकी सूचना आवेदक के मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से दी जाए। गैस कनेक्शन जन-प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित समारोह में प्रदाय किये जायेंगे।

Advertisements
Advertisements
Advertisements
Advertisements
Advertisements
Advertisements
Share This Article
error: Content is protected !!