नपा सारनी की स्वच्छ प्रतिष्ठान स्पर्धा में पाथाखेड़ा चौकी व स्वास्थ्य केंद्र अव्वल, होटल, रेस्टोरेंट को भी मिली रैंकिंग
सारनी। नगर पालिका परिषद सारनी ने स्वच्छता में नगर के प्रतिष्ठानों की भागीदानी बढ़ाने के लिए स्वच्छ प्रतिष्ठान प्रतियोगिता का आयोजन किया। 26 जनवरी से 14 फरवरी 2022 तक चली इस स्पर्धा के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को सोमवार 14 फरवरी को पुरस्कृत किया गया।नगर पालिका परिषद सारनी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी. के. मेश्राम ने बताया कि नगरीय प्रशासन विभाग के मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह के निर्देश पर विभागीय निर्देशों के आधार पर 26 जनवरी से 14 फरवरी तक स्वच्छ प्रतिष्ठान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में पाठशाला, स्वच्छ स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छ होटल, रेस्टोरेंट, कार्यालय, हाकर्स जोन व बाजार क्षेत्रों को शामिल किया गया। सोशल मीडिया के माध्यम से प्रतिष्ठानों को स्पर्धा की जानकारी दी गई। इसके बाद प्रतिष्ठानों ने स्वआंकलन कर आवेदन प्रस्तुत किया। नगर पालिका द्वारा गठित दल ने प्रतिष्ठानों का गोपनीय सर्वे किया। इसके बाद नागरिक फीडबैक के आधार पर रैंकिंग तैयार की गई। औसत अंकों के आधार पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाले विजेताओं को सोमवार 14 फरवरी 2022 को प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी व स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी के.के. भावसार एवं राजेश बगाहे द्वारा पुरस्कृत किया गया।

ये प्रतिष्ठान हुए पुरस्कृत
होटल एवं रेस्टोरेंट में वरूण रेस्टोरेंट सारनी की संचिता गुप्ता को प्रथम, साउथ इंडियन कैफे के अशोक मोहंती को द्वितीय पुरस्कार दिया गया। इसी तरह स्वच्छ स्कूल में एसडीएम हाई स्कूल शोभापुर कॉलोनी के अशोक सिंह को प्रथम, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारनी के अवधेश कुमार बर्डे को द्वितीय एवं शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारनी की सरिता झरबड़े को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इसी तरह स्वच्छ अस्पताल की श्रेणी में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रेम नगर पाथाखेड़ा की डॉ. अंकिता शर्मा को प्रथम, श्री मेहतराम फेक्चर हास्पिटल बगडोना की सुनीता कश्यप को द्वितीय एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सारनी के डॉ. संजीव शर्मा को तृतीय पुरस्कार दिया गया। स्वच्छ बाजार की श्रेणी में बालाजी सुपर मार्केट के अभिषेक को प्रथम, जेबी मॉल के विनय जैन को द्वितीय एवं सागर ऑफसेट के हरीश पाल को तृतीय पुरस्कार दिया गया। शासकीय कार्यालय में पुलिस चौकी पाथाखेड़ा के प्रभारी राहुल रघुवंशी को प्रथम, पोस्ट ऑफिस सारनी की राजेश्वरी मालवीय को द्वितीय एवं वितरण केंद्र सारनी के नितिन सरनेकर को तृतीय पुरस्कार दिया गया। हाकर्स पाइंट में मंडल समोसा के रामप्रसाद मंड को प्रथम, बांबे चौपाटी बगडोना हवाई पट्टी के जीवराव को द्वितीय एवं स्टार इडली डोसा पाइंट पाथाखेड़ा के मेहफूज अली को तृतीय पुरस्कार दिया गया। स्पर्धा का मुख्य उद्देश्य प्रतिष्ठानों को स्वच्छ और सुंदर बनाना है। इसके अलावा इन्हें स्वच्छ रखने में नागरिकों की रूचि को बढ़ाना है।